Utrakhand

देवभूमि और छत्तीसगढ़ के बीच बढ़ा वैचारिक सेतु : मुख्यमंत्री

देहरादून/बस्तर न्यूज

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में छत्तीसगढ़ प्रदेश से आए भ्रमण पर पत्रकारों की मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से एक अत्यंत गरिमामय और सौजन्य भेंट हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की मीडिया टीम और अधिकारियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उत्तराखंड के बहुआयामी विकास, सांस्कृतिक धरोहर तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे अभूतपूर्व कार्यों की जानकारी दी।

विकास भी, विरासत भी, क्षेत्रीय प्राधिकरणों से संवर रहा है उत्तराखंड

मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी, विरासत भी” के मूल मंत्र पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि नैनीताल, गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों के लिए अलग-अलग विकास प्राधिकरणों का गठन कर उनके विकास के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य इन क्षेत्रों का संतुलित सामाजिक, आर्थिक और नैसर्गिक विकास करना है, ताकि यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। ​मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उत्तराखंड ऋषियों, मुनियों और संतों की पावन तपोस्थली है। इस देवभूमि की आध्यात्मिक पहचान को संभालना हम सभी का परम दायित्व है। उन्होंने नैसर्गिक संपदा (प्राकृतिक संसाधनों) के संरक्षण पर विशेष बल दिया, ताकि भविष्य में आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और समृद्ध पर्यावरण संजोकर रखा जा सके।

इस अवसर पर कर्मकांति, बस्तर न्यूज के संपादक सरजीत सिंह बख्शी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उनके बस्तर के प्रवास का स्मरण करते हुए कहा कि हमें वहां आपकी व्यस्तता के कारण आप से मुलाकात नहीं हो पाया था, किंतु हमारे प्रदेश सरकार के सहयोग से उत्तराखंड भ्रमण के दौरान आज आप से भेंट हुआ। मुख्यमंत्री ने भी इस पर खुशी जताते हुए कहा कि बस्तर प्रवास मेरे लिए यादगार रहा। बस्तर और यहां माहौल मिलता जुलता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी पत्रकारों को बताया कि उनका छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश से विशेष लगाव है, क्योंकि उनकी मिडिल स्कूल स्तर की पढ़ाई सागर जिला में हुई थी।

लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत करने में छत्तीसगढ़ सरकार की भूमिका अनुकरणीय

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की दूरगामी सोच की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि ये भ्रमण इस बात को रेखांकित करता है कि देश के लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता को अक्षुण रखने और पत्रकार कल्याण से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार में छत्तीसगढ़ देश में अग्रणी राज्य रहा है। अधिकारियों के कुशल नेतृत्व में ऐसे अंतर्राज्यीय भ्रमणों से दोनों राज्यों के बीच वैचारिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को एक नया आयाम मिलता है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की मंशानुरूप इस महत्वपूर्ण भ्रमण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और संयुक्त सचिव सह आयुक्त जनसंपर्क रजत बंसल को बधाई दी।

​अगले वर्ष हरिद्वार कुंभ में मीडिया को विशेष आमंत्रण

भेंट के सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों के मीडिया दल को अगले वर्ष हरिद्वार में आयोजित होने वाले भव्य महाकुंभ के लिए सस्नेह आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री श्री धामी ने एक बड़ा दृष्टिकोण साझा करते हुए कहा कि कुंभ के पावन अवसर पर देश के सभी राज्यों के मीडिया प्रतिनिधियों को एक-एक अवसर दिया जाना चाहिए। इस पहल से देश भर की मीडिया देवभूमि की पावन तपोभूमि, आध्यात्मिक ऊर्जा और वहां की विश्वस्तरीय व्यवस्थाओं को अपनी आँखों से देख सकेगी और इन अद्भुत अनुभवों को अपने-अपने राज्यों की जनता तक पहुँचा सकेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलने वालों में दुर्ग,​ रायपुर,​ कोरबा,​ जगदलपुर,​ बिलासपुर,​ राजनांदगांव,​ कोरिया और ​धमतरी जिले के मीडिया प्रतिनिधी और छत्तीसगढ़ जनसंपर्क संचालनालय के अधिकारीगण उपस्थित थे।
इस मौके उत्तराखंड के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशक बंशीधर तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री पांडे, संयुक्त संचालक के.एस. चौहान सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *