नारायणपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं वन व जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर के जिला पंचायत सभाकक्ष में जिले के शहीद परिवारों तथा नक्सल पीड़ित परिवारों के सदस्यों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनी। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने परिवारों को शासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि शहीदों का सर्वोच्च बलिदान सदैव राष्ट्र और समाज के लिए प्रेरणास्रोत है तथा नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास और कल्याण के लिए राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। बैठक के दौरान परिवारों के साथ अनुकंपा नियुक्ति, बच्चों की शिक्षा, सहायता राशि, पुनर्वास तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहीद एवं नक्सल पीड़ित परिवारों से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें शासन की प्रत्येक पात्र योजना का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि शहीद परिवारों और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों का सम्मान और उनका कल्याण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। शहीद एवं नक्सल पीड़ित पात्र परिवारों के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन प्रशासन प्रतिबद्ध है।
इस दौरान पीड़ित परिवारों ने अपना दर्द बयां किया, इस दौरान पीड़ित परिवारों के आँसूं छलक पड़े, किसी के पिता, किसी के भाई, किसी के पति को माओवादियों ने अपनी क्रूरता का शिकार बनाया था। नक्सल मोर्चे पर शौर्य का प्रदर्शन कर घायल होने वाले पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों ने भी नक्सल मुठभेड़ और आईईडी ब्लास्ट में अपने अनुभवों के संबंध में भी बताया।
नक्सल पीड़ित को मिला नियुक्ति प्रमाण पत्र
नक्सल हिंसा से पीड़ित नारायणपुर जिले के ओरछा विकासखंड के सबसे सुदूर वनांचल ग्राम हांदावाड़ा की निवासी श्रीमती सोनाय बाई नेताम को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हांदावाड़ा में ही नियुक्ति के लिए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया।




