September 19, 2026

गवाहों को प्रलोभन देने के आरोपों से गरमाया मुकेश चंद्रकार हत्याकांड

बीजापुर/बस्तर न्यूज

दिवंगत पत्रकार मुकेश चंद्रकार हत्याकांड में एक नया और गंभीर मामला सामने आया है। पत्रकारों ने आरोप लगाया है कि मामले के मुख्य आरोपी सुरेश चंद्रकार द्वारा जेल के भीतर से ही गवाहों को प्रभावित करने और बयान बदलवाने के लिए रुपये का प्रलोभन दिया जा रहा है।

पत्रकारों के अनुसार इस मामले के अधिकांश गवाह स्वयं बीजापुर के पत्रकार हैं। आरोप है कि स्वयंभू पत्रकार सुनील मर्सकोले लगातार केंद्रीय जेल जगदलपुर में बंद आरोपी सुरेश चंद्रकार के संपर्क में है और गवाह पत्रकारों पर बयान बदलने का दबाव बनाने के साथ-साथ आर्थिक प्रलोभन भी दे रहा है। इस संबंध में एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद पत्रकारों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीजापुर के पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपा। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, वायरल ऑडियो की पड़ताल करने तथा न्यायालय में सरकारी पक्ष के माध्यम से इस विषय को शामिल कराने की मांग की गई है। पत्रकारों ने यह भी सवाल उठाया कि केंद्रीय जेल जगदलपुर में बंद एक आरोपी को आखिर इतनी स्वतंत्रता कैसे मिल रही है कि वह लगातार मोबाइल फोन के माध्यम से बाहरी लोगों से संपर्क कर सके। पत्रकारों का आरोप है कि पैसे के बल पर पूरा नेटवर्क संचालित किया जा रहा है और जेल के भीतर से ही प्रभाव डालने की कोशिशें हो रही हैं। उन्होंने जेल प्रशासन की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने वालों में पी. रंजन दास, पवन दुर्गम, गणेश मिश्रा, पुष्पा रोकड़े, नितिन रोकड़े, चेतन कापेवार, सतीश अल्लूर, भरत दुर्गम, संतोष तिवारी और घनश्याम यादव, धर्मेंद्र महापात्र, बादशाह खान आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *