दंतेवाड़ा। युवाओं को रोजगार, कौशल विकास एवं औद्योगिक क्षेत्र से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन एवं माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम पंजीयन शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह शिविर युवाओं के लिए नए अवसरों का द्वार साबित हुआ, जहां बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने बेहतर भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाया।
शिविर में दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, बस्तर सहित अन्य जिलों के 450 से अधिक युवाओं ने सहभागिता की। युवाओं में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने एनएमडीसी किरंदुल एवं बचेली परियोजना में उपलब्ध कुल 142 इंटर्नशिप पदों हेतु आवेदन किया है। 9 माह की इंटर्नशिप के दौरान युवाओं को 6000 रूपये का जॉइनिंग बोनस एवं 9000 रूपये प्रतिमाह स्टाइपेंड एनएमडीसी किरंदुल एवं बचेली परियोजना द्वारा दिया जाएगा।
शिविर में युवाओं को इंटर्नशिप प्रक्रिया, चयन प्रक्रिया, औद्योगिक कार्यप्रणाली, कौशल विकास एवं रोजगार संभावनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। यह आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य में जिला प्रशासन एवं माय भारत की टीम द्वारा किसी जिले में आयोजित किया गया पहला जिला स्तरीय प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम पंजीयन शिविर रहा, जिसने युवाओं के बीच नई उम्मीद और विश्वास का संचार किया। इस पहल के माध्यम से युवाओं को देश की प्रतिष्ठित सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एनएमडीसी में कार्य करने एवं उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक अनुभव प्राप्त होगा, जो भविष्य में उनके करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


