जगदलपुर/बस्तर न्यूज
भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला बस्तर की प्रथम संगठनात्मक बैठक आज भाजपा जिला कार्यालय जगदलपुर में आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों का स्वागत करने के साथ साथ आगामी 19 मई 2026 को बस्तर की पावन धरा पर होने वाली ‘मध्य क्षेत्रीय परिषद’ की उच्च स्तरीय बैठक की तैयारियों और युवा मोर्चा की सहभागिता पर चर्चा करना रहा।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि बस्तर के इतिहास में पहली बार इतने बड़े स्तर की सुरक्षा और विकास केंद्रित बैठक आयोजित हो रही है। आगामी 19 मई को देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शिरकत करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 18 मई को ही जगदलपुर पहुंच जाएंगे, जो बस्तर के प्रति केंद्र सरकार की संवेदनशीलता और प्राथमिकता को दर्शाता है। बैठक में यह रेखांकित किया गया कि इस हाई लेवल बैठक के केंद्र में नक्सलवाद का उन्मूलन, अंतर्राज्यीय सुरक्षा, बॉर्डर सेफ्टी और बस्तर सहित मध्य भारत के विकास जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषय होंगे।


