जगदलपुर/बस्तर न्यूज
भारतीय जनता युवा मोर्चा बस्तर के जिला एवं मंडल की नवीन कार्यकारिणी की घोषणा हुई। इसी कड़ी में आज भाजपा के नवनियुक्त पदाधिकारियों की पूरी टीम ने मंदिर तक पदयात्रा निकालकर माँ दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर अपने नए कार्यकाल का शंखनाद किया। भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक से आगामी संगठनात्मक कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई। वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में युवा कार्यकर्ताओं ने पार्टी की रीति नीति को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

बैठक के बाद भाजपा कार्यालय से एक विशाल पदयात्रा निकाली गई, जिसमें भारी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। पीएम मोदी के ईंधन बचत सन्देश आह्वान के बाद बाइक रैली को निरस्त कर पदयात्रा के साथ मंदिर दर्शन सुनिश्चित किया गया l हाथों में पार्टी का ध्वज थामे युवाओं का जत्था जब शहर की सड़कों पर निकला, तो पूरा वातावरण ‘भारत माता की जय’, ‘वन्दे मातरम’ और ‘भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद’ के नारों से गूँज उठा। युवा मोर्चा जिंदाबाद के नारों के साथ कार्यकर्ताओं का हुजूम माँ दंतेश्वरी मंदिर की ओर बढ़ा। इस पदयात्रा के दौरान शहर में जगह जगह भव्य आतिशबाजी की गई, जिसने नवनियुक्त टीम के स्वागत में उत्सव जैसा माहौल निर्मित कर दिया। युवा मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी के मंदिर में मत्था टेका। विधिवत पूजा अर्चना कर नवनियुक्त पदाधिकारियों ने माँ से अपने उत्तरदायित्वों को पूरी निष्ठा के साथ निभाने और संगठन की मजबूती के लिए शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि नवीन कार्यकारिणी की यह ऊर्जा बस्तर में भारतीय जनता पार्टी को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगी। माँ दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर आज से ही सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर जनता की सेवा में जुट जाएंगे।




