दंतेवाड़ा

भांसी में 14 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण का हुआ समापन

दंतेवाड़ा। एनएमडीसी डीएवी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, भांसी में आयोजित 14 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 15 अप्रैल 2026 को किया गया। यह कार्यक्रम रैम्प योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें राज्य में छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम नोडल एजेंसी के रूप में कार्यरत है।

जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के मार्गदर्शन पर इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन चॉइस सल्टेंसी सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों द्वारा व्यवसाय प्रारंभ करने के अवसर, वित्तीय सहायता, शासकीय योजनाओं का लाभ एवं कौशल विकास से संबंधित विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण के अंतर्गत विद्यार्थियों को उद्यमिता की मूलभूत जानकारी, व्यवसाय योजना तैयार करना, विपणन रणनीति तथा व्यवसाय स्थापित करने के व्यावहारिक पहलुओं के बारे में समझाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और उत्साहपूर्वक सभी सत्रों में सम्मिलित हुए।यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ, जिससे उनमें उद्यमिता के प्रति जागरूकता में वृद्धि हुई। समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने भविष्य में स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने की इच्छा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *