दंतेवाड़ा। जिले के एनएमडीसी डीएवी पॉलिटेक्निक कॉलेज में रोजगार विभाग एवं आईटीआई गीदम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रोजगार मेले में चयनित छात्रों के लिए नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को श्रम आईएन प्राइवेट लिमिटेड में नियुक्ति हेतु अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक चैतराम अटामी तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में पॉलिटेक्निक के प्राचार्य डॉ. मुकेश ठाकुर ने संस्थान की उपलब्धियों एवं शैक्षणिक प्रगति की जानकारी दी। आईटीआई गीदम के प्राचार्य हेमंत सोनवानी ने प्लेसमेंट ड्राइव की जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान द्वारा विद्यार्थियों को उद्योगों से जोड़कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्य अतिथि विधायक चैतराम अटामी ने अपने संबोधन में जिले में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने हेतु किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने युवाओं को स्वरोजगार के लिए संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी दी तथा उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी चयनित छात्रों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र प्राप्त कर छात्रों के चेहरे पर प्रसन्नता झलक रही थी तथा उन्होंने इस उपलब्धि के लिए अपने शिक्षकों एवं संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया।




