दंतेवाड़ा। जिला रोजगार कार्यालय दंतेवाड़ा द्वारा शहीद महेंद्र कर्मा कन्या महाविद्यालय एवं आईटीआई दंतेवाड़ा में अग्निवीर 2026 भर्ती प्रक्रिया पर विशेष मार्गदर्शन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों की अग्निवीर योजना के अंतर्गत भर्ती प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, चयन चरणों एवं तैयारी के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराना रहा।
कार्यशाला में सेवानिवृत्त सूबेदार दिनार्थो पान एवं सेवानिवृत्त लांस नायक रमेश सिदार ने प्रतिभागियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा, मेडिकल परीक्षण एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को समय प्रबंधन, प्रभावी अध्ययन रणनीति तथा शारीरिक फिटनेस बनाए रखने के व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए। संस्थान के प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं छात्रों को उनके करियर के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें देश सेवा के लिए प्रेरित करती हैं।



