जगदलपुर/बस्तर न्यूज
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा आज जगदलपुर ब्लॉक के ग्राम तितिरगांव में ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के अंतर्गत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सभी उपस्थित जनों को स्वच्छता की सामूहिक शपथ दिलाकर की गई, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को अपने परिवेश को स्वच्छ रखने का संकल्प दिलाया गया।
समारोह का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद सदस्य भूपेंद्र ठाकुर, ग्राम सरपंच श्रीमती खिरमानी कश्यप, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती हेमलता त्रिपाठी, यूनिसेफ जिला समन्वयक सुधांशु पांडे और स्वास्थ्य विभाग की श्रीमती सविता देवांगन की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम में गीत नाटक, चित्रकला और परिचर्चा जैसे विविध माध्यमों से स्वच्छता के महत्व को रेखांकित किया गया।

तकनीकी सत्र में स्वास्थ्य विभाग की श्रीमती सविता देवांगन ने स्वच्छ भारत अभियान की बारीकियों के साथ-साथ ‘हाथ धोने की सही विधि’ का प्रदर्शन किया। यूनिसेफ के जिला समन्वयक सुधांशु पांडे ने “व्यवहार परिवर्तन” को स्वस्थ भारत की कुंजी बताते हुए साबुन से हाथ धोने और प्लास्टिक के त्याग पर विशेष जोर दिया।
मुख्य अतिथि भूपेंद्र ठाकुर, सरपंच श्रीमती खिरमानी कश्यप और प्राचार्या श्रीमती हेमलता त्रिपाठी ने भी ग्रामीणों व छात्रों को स्वच्छता को संस्कार के रूप में अपनाने हेतु प्रेरित किया। जन-जागरूकता हेतु निकाली गई विशाल रैली को जनपद सदस्य और सरपंच ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान बस्तर विकास एवं सेवा संस्थान, कोंडागांव के 10 कलाकारों ने अपनी ज्ञानवर्धक और मनोरंजक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। विद्यार्थियों के लिए आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में सिकंदर ने प्रथम, आयुषी ने द्वितीय और लता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें विभाग द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इस गरिमामयी अवसर पर व्याख्याता निशा भदौरिया, अपर्णा राजपूत, रूपा यादव सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी बी.एस. ध्रुव द्वारा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।




