जगदलपुर/बस्तर न्यूज
शहर के संतोषी वार्ड स्थित श्री श्री बाबा रामदेव मंदिर में आज कलश यात्रा के साथ माघ मेला आरंभ हो गया। इस मौके पर बाबा रामदेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ लेते हुए विधि विधानपूर्वक बाबा श्रीरामदेव का अभिषेक किया। इससे पहले बाबा रामदेव के भक्तों द्वारा विशाल भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जो नगर के विभिन्न चौक चौराहों से होते हुए संतोषी वार्ड स्थित बाबा रामदेव मंदिर के मंदिर में समाप्त हुई।

बाबा रामदेव मंदिर इस वर्ष अपना 25वां वर्ष पूर्ण कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है। वर्ष 2001 में बसंत पंचमी के दिन ही मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी।
इस माघ मेले के संयोजक गजेन्द्र चांडक ने बताया कि इस वर्ष माघ मेला 10 दिवसीय होगा। बाबा रामदेव मंदिर निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर माघ मेले में विभिन्न आयोजन किए जा रहे है। जिसमें आज भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया था। वही कल बुधवार को तीन दिवसीय विष्णु महायज्ञ शुरू हाेगा। जिसमें 108 जोड़े शामिल होंगे। इसके साथ ही आने वाले दिनों में अखंड परिक्रमा, भजन संध्या, जम्मा जागरण, बाबा रामदेव का जीवन दर्शन और अंताक्षरी क्विज सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। माघ मेले के अंतिम दिन विशाल शोभायात्रा निकल कर महा भंडारे का आयोजन किया जाएगा।


