जगदलपुर। बस्तर न्यूज
बस्तर संभाग के किसानों और सहकारिता जगत के लिए आज का दिन एक ऐतिहासिक अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने भी अपना कार्यभार संभाला। संभाग स्तरीय किसान सम्मेलन में न केवल नए नेतृत्व के रूप में दिनेश कश्यप का अध्यक्ष और श्रीनिवास मिश्रा का उपाध्यक्ष का स्वागत किया गया, बल्कि अन्नदाताओं के लिए खुशियों और राहत का पिटारा भी खुल गया। जिन्होंने सहकारिता के माध्यम से बस्तर के विकास और किसानों की आर्थिक उन्नति का संकल्प लिया।
पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए अपेक्स बैंक के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता ने किसानों के हित में किए गए क्रांतिकारी बदलावों की जानकारी देते हुए हुए माहौल को उत्साह से भर दिया। उन्होंने बताया कि अब कृषि ऋण के नियमों को पूरी तरह बदल दिया गया है। पहले जहाँ किसानों को 60,000 रुपये तक का ऋण मिलता था, वहीं अब इसमें 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए इसे 66,000 रुपये कर दिया गया है। सबसे बड़ी राहत ऋण के स्वरूप में दी गई है। अब किसानों को कुल ऋण का 70 प्रतिशत हिस्सा नकद रूप में और शेष 30 प्रतिशत वस्तु ऋण (जैसे खाद-बीज) के रूप में मिलेगा। नकद राशि की उपलब्धता बढ़ने से किसान अब अपनी खेती की अन्य जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकेंगे। इसके साथ ही, नए मानकों के तहत 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने और राशि सीधे बैंक खातों में भेजने की प्रक्रिया ने किसानों को बड़ी राहत दी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में अब कर्ज का मतलब डर नहीं, बल्कि तरक्की है। उन्होंने डॉ. रमन सिंह की सरकार द्वारा शुरू की गई शून्य प्रतिशत ब्याज दर वाली योजना को याद करते हुए कहा कि इसने किसानों को साहूकारों के चंगुल से मुक्त कराया है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने पदभार संभालते ही कहा कि राज्य शासन का एकमात्र लक्ष्य किसान भाइयों के जीवन में खुशहाली लाना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए शासन की अनेक योजनाएं हैं, लेकिन इनका लाभ तभी मिलेगा जब बैंक और किसान एक-दूसरे के सहयोग से कदम बढ़ाएंगे। वहीं नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने किसानों को आश्वस्त किया कि नई कार्यकारिणी सदैव उनके हितों के लिए समर्पित होकर कार्य करेगी।
इस अवसर पर जनपद पंचायतों के अध्यक्षगण, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, पूर्व विधायक संतोष बाफना, लच्छुराम कश्यप, डॉ सुभाऊ कश्यप, बैदूराम कश्यप सहित जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुंवर सिंह ध्रुव, उपायुक्त सहकारी संस्थाएं डॉ. उषा ध्रुव सहित विभिन्न सहकारी समितियों के अध्यक्षगण, बैंक शाखाओं के प्रबंधक एवं बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित थे।




