जगदलपुर। बस्तर न्यूज
सनातन संस्कृति और हिंदू समाज के संरक्षण को लेकर भव्य हिंदू जन जागरण रैली का आयोजन ग्राम सोनारपाल में किया गया। रैली शिव मंदिर से प्रारंभ होकर मातागुड़ी तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में माता-बहनों, ग्रामवासियों एवं विभिन्न समाज प्रमुखों ने सहभागिता की। रैली के उपरांत मातागुड़ी परिसर में विचार गोष्ठी आयोजित की गई, जहां समाज प्रमुखों ने एकता, अखंडता और सद्भावना को मजबूत करने के साथ-साथ धर्म और संस्कृति संरक्षण पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पीपल का पौधरोपण किया गया। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ मातागुड़ी को ग्राम तीर्थ के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया गया। जनसमूह ने संगठित होकर हिंदू समाज की जागृति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा हेतु सतत प्रयास करने का सामूहिक संकल्प भी लिया।



