दंतेवाड़ा। विकासखंड दंतेवाड़ा के ग्राम चितालंका के किसान परदेसी नाग ने अपनी मेहनत और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर विविध फसलों की खेती करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। परिवार के सहयोग से वे लगातार अपनी कृषि भूमि का बेहतर उपयोग कर रहे हैं।
परदेसी नाग ने इस संबंध में बताया कि उन्होंने इस खरीफ सीजन में 5 एकड़ में (मँछा धान किस्म) एवं 5 एकड़ में (बैगनी धान किस्म) की अतिरिक्त खेती तथा 1 एकड़ में (एक हजार धान किस्म) का रोपण किया था। जिसमें उन्हें लगभग 12 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ। इसमें से उन्होंने 5 क्विंटल उपज परिवार के उपभोग के लिए रखा और बचे हुए धान बेचकर उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से लिये गए लोन चुकता किया। कुल मिलाकर धान की अच्छी पैदावार और समय पर मिली बाजार व्यवस्था ने परदेसी नाग के परिवार को आर्थिक मजबूती दी है। उनकी यह सफलता अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा बन रही है। खेती की शुरुआत के लिए परदेसी नाग ने किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 16,000 रुपये का लोन लिया था। जिसे चुकाने में धान के इस भरपूर उत्पादन से आशातीत मदद मिली।
उल्लेखनीय है कि कृषि विभाग द्वारा किसानों को नियमित तकनीकी सलाह, गुणवत्ता युक्त बीज और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। इन सुविधाओं का उपयोग करते हुए परदेसी नाग लगातार उत्पादन बढ़ाकर प्रगतिशील कृषक के रूप में अपनी पहचान बनाने के लिए तत्पर है।



