दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले के विकासखंड कटेकल्याण के अंतिम छोर स्थित ग्राम चिकपाल से प्रतापगिरी तक निर्माणाधीन पहुंच मार्ग का आज कलेक्टर कुणाल दुदावत ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना वन-1 के अंतर्गत बनाए जा रहे इस मार्ग की प्रगति की जानकारी ली।
ज्ञात हो कि इस मार्ग के पूर्ण होने से सुकमा जिले के तोंगपाल नेशनल हाईवे सीधे तौर पर इससे जुड़ जायेगा। जिससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बढ़ेगी और इसी मार्ग पर पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण मुनगा जलप्रपात भी स्थित है जिससे पर्यटकों की अधिक आवाजाही सुनिश्चित हो सकेगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिक मजदूरों की संख्या बढ़ाकर कार्य की गति तेज करने के निर्देश भी दिए। ताकि इस मार्ग आवागमन सुचारू रूप से संचालित हो सके। इस क्रम में कलेक्टर द्वारा चिकपाल से मारजूम (6 किलोमीटर) निर्माणाधीन मार्ग का जायजा लिया। इस मार्ग पर प्रगतिरत पुलिया निर्माण कार्यों को उन्होंने फरवरी से मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि यह मार्ग ग्रामीणों के लिए विकास की नई दिशा खोलेगा, अतः सभी कार्यो में त्वरित प्रगति लाया जाये।
मौके पर जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना ईई वैभव देवांगन, तहसीलदार श्रीमती आशा मोर्य सहित क्रियान्वयन एजेंसी के कर्मचारी उपस्थित थे।


