September 21, 2026

हरे भरे पर्यावरण का संदेश देते हुए सांसद के साथ 21 परिवारों ने लगाए 21 पीपल के पौधे

जगदलपुर/बस्तर न्यूज

पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण को लेकर सतत् कार्य कर रही पीपल्स केयर संस्था ने आज ग्राम पंचायत तितिरगाँव में एक विशेष पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर गाँव के दो तालाबों की मेड़ पर 21 परिवारों द्वारा 21 पीपल के पौधे विधिवत पूजा अर्चना के साथ लगाए गए। मुख्य अतिथि बस्तर सांसद महेश कश्यप एवं विशिष्ट अतिथि सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष दशरथ कश्यप उपस्थित रहे।

तालाब परिसर पर पूजा-पाठ के बाद सांसद सहित 21 परिवारों ने 21 पीपल के पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया। सांसद महेश कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि पीपल का वृक्ष सबसे अधिक ऑक्सीजन देने वाला पेड़ है।इसकी आयु लंबी होती है और यह हमारे सनातन संस्कृति व धार्मिक परंपराओं से जुड़ा है। पीपल्स केयर संस्था द्वारा तालाबों के चारों ओर पीपल व नीम के पौधे लगाकर उन्हें मजबूत ट्री-गार्ड से सुरक्षित करने का जो कार्य किया जा रहा है, वह प्रशंसनीय और प्रेरणादायी है।

गायत्री शिक्षण संस्थान में भी पौधरोपण

सांसद महेश कश्यप ने तितिरगाँव स्थित गायत्री शिक्षण संस्थान में पहुँचकर संस्थान परिवार के साथ 11 बादाम के पौधे लगाए। सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष दशरथ कश्यप ने कहा कि तालाब की मेड़ पर पीपल के पौधे लगाने से न केवल तालाब पीढ़ियों तक सुरक्षित रहेगा, बल्कि हमारा सनातन धर्म भी और अधिक मजबूत होगा।

पौधारोपण कार्यक्रम में ग्राम सरपंच खिरमनी कश्यप, शौडिक समाज अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, प्रदीप गुहा, मेहरू राम कश्यप, कृष्ण प्रसाद पाणिग्रही, किशोर बघेल, श्रीमती शीला त्रिवेदी, आरएस पिल्लई, टी. के. शर्मा, जमावती यादव, सुमित्रा निषाद, गायत्री शिक्षण संस्थान के पदाधिकारीगण, बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं पीपल्स केयर संस्था के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *