जगदलपुर। सांसद बस्तर महेश कश्यप ने ग्राम माड़पाल में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव के मौके पर कहा कि हमारा देश सनातन काल से विश्वगुरु रहा है, जब हमारे ऋषि-मुनि ज्ञान का अलख समूचे दुनिया में जगा रहे थे। देश में नालन्दा और तक्षशिला जैसे शिक्षा के प्रसिद्ध केन्द्र रहे हैं जहां पूरे विश्व से लोग शिक्षा ग्रहण करने आते थे। वर्तमान में भी भारत आधुनिक शिक्षा का नया केन्द्र बन गया है। सभी को शिक्षा प्रदान करने के लिए सरकार ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू किया है।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने हेतु कटिबद्ध है सरकार : विधायक

इस मौके पर विधायक किरण देव ने कहा कि राज्य सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिये कटिबद्ध है। इस दिशा में स्कूलों में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं सहित शिक्षक की पदस्थापना कर पढ़ाई के लिये सभी सुविधाएं मुहैया करवा रही है। शिक्षा केवल सरकारी नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि यह हमारे व्यक्तित्व, सोच और समाज में योगदान देने की क्षमता को भी निखारती है। जनपद पंचायत जगदलपुर के अध्यक्ष पदलाम नाग ने शिक्षा के उजियारा को चंहुओर पहुंचाने के लिए सभी लोगों से सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया।
इस मौके पर अतिथियों सहित कलेक्टर हरिस एस एवं सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन ने नवप्रवेशी बच्चों को तिलक लगाकर तथा मिष्ठान खिलाकर स्वागत किया और उन्हें स्कूल बस्ता-गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकें प्रदान किया। साथ ही स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किया। वहीं न्यौता भोज में स्कूली बच्चों के साथ भोजन ग्रहण किया।
जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के आरंभ में जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने स्वागत उद्बोधन में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के तहत सभी शाला अप्रवेशी तथा शाला त्यागी बच्चों का स्कूलों में दाखिला संबंधी कार्ययोजना और शैक्षणिक व्यवस्थाओं के बारे में अवगत कराया।



