दंतेवाड़ा। मेंढका डोबरा मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनान्तर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जिले भर के 220 वर वधु परिणय सूत्र में बंध गए। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नव दंपतियों को भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।
दंतेवाड़ा जिले के दूरस्थ क्षेत्र में यह सामूहिक कन्या विवाह में आज 220 जोड़े दाम्पत्य सूत्र में बंधकर गृहस्थ जीवन में कदम रख रहे हैं। यह सब राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से फलीभूत हुआ है, जो सरकार की गरीब परिवारों की सेवा करने की कटिबद्धता को दर्शाता है।
नियद नेल्लानार ग्राम धुरली के दो जोड़े भी हुए सामूहिक विवाह से लाभान्वित
कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार एवं सप्तपदी के पावन वचनों को अंगीकार करने वाले जोड़ों में से दो जोड़े नियद नेल्लानार ग्राम धुरली के निवासी थे। इनमें सुश्री सीमा भास्कर एवं सुदरी तेलाम भी शामिल थी। सीमा 10वीं पास है और नगर पालिका परिषद बड़े बचेली (झाड़ू लगाने का काम) सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। सीमा का विवाह रेमष भास्कर के साथ हुआ, जो कृषक है। इसी प्रकार सुंदरी तेलाम कामगार श्रमिक है। और सुंदरी और धन्नु कुंजाम कामगार श्रमिक है। दोनों नव विवाहितों में शासन की इस योजना की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे निर्धन वर्गों के लिए उपयोगी बताया जो विवाह के भारी खर्चे से निम्न वर्गीय परिवारों को चिंता मुक्त करती है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, जिला पंचायत सदस्य रामू राम नेताम, नगर पालिका उपाध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह, सहित जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, महिला बाल विकास अधिकारी वरुण नागेश सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।