September 26, 2026

दिव्यांग बच्चों की प्रतिभाएं असाधारण, सभी के लिए प्रेरणादायक : विधायक

दंतेवाड़ा। विश्व दिव्यांगता दिवस के अवसर पर विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को निखारने और उनके आत्मसम्मान, सामाजिक कौशल और आत्मविश्वास को बेहतर बनाने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन मेडंका डोबरा स्थल में आयोजित किया गया।

मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक ने दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रम की विशेष सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगता के बावजूद बच्चों द्वारा जिस प्रकार विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भागीदारी की गई है वास्तव में यह सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों द्वारा मटका फोड़ की प्रस्तुति की प्रशंसा की और इसे दिल को छू लेने वाला अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि संगीत, तबला और ढोलक को इन बच्चों ने जिस खूबसूरती से बजाया है, वह अद्भुत है। अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा मुझे यह देखकर खुशी हुई कि ये बच्चे इशारों के माध्यम से संवाद और काम कर रहे हैं। मेरे दादा भी सुन नहीं सकते थे, लेकिन वे भी इशारों से बात करते थे, और मैं उन्हें पूरी तरह समझता था। यह भगवान द्वारा दी गई एक अनोखी कला है, जो वास्तव में प्रशंसनीय है।

उल्लेखनीय है कि समग्र शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विविध गतिविधियों जैसे मटका फोड़, बुच्ची बाल, पेंटिंग प्रतियोगिता, कुर्सी दौड़, जलेबी दौड़, के अलावा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और बौद्धिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। साथ ही प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, जिला शिक्षा अधिकारी एस. के. अंबस्ट, उप संचालक समाज कल्याण संतोष टोप्पो, डीएमसी हरीश गौतम, राजेंद्र पांडेय सहित शिक्षक, शिक्षिकाओं एवं स्कूली बच्चे मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *