जगदलपुर

भाजपा पार्षदों ने महापौर के खिलाफ लाया अविश्वास प्रस्ताव

जगदलपुर/बस्तर न्यूज

भारतीय जनता पार्टी पार्षद दल ने आज कलेक्ट्रेट पहुँच कर महापौर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पत्र कलेक्टर विजय दयाराम को सौंपा व जल्द से जल्द अविश्वास प्रस्ताव को पारित करने हेतु सम्मिलन आहूत करने कहा। भाजपा पार्षद दल ने महापौर के विरुद्ध अविश्वास व्यक्त करते हुये पांच बिंदुओं को प्रस्ताव में शामिल किया है। जिसमें कहा गया है कि महापौर द्वारा विपक्षी पार्षदों के साथ पक्षपातपूर्ण कार्य किया गया है, जिससे विपक्षी दल के वार्डों का कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, जहाँ जनहित व विकास के कार्य अवरूद्ध हो गये हैं। स्वास्थ्य व पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गयी है। शहर में सफाई की समुचित व्यवस्था करने में नगर निगम नाकाम है, अत्यंत गंभीर बीमारियों से शहर के लोग प्रभावित हो रहे हैं। पिछले वर्ष अस्वच्छता के कारण ही शहर में डेंगू के फैले प्रकोप से लगभग 12 लोगों की मृत्यु हुई थी और सैकड़ों की संख्या में लोग गंभीर रुप से बीमार हुये थे। नगर निगम की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है, जिससे निगम के कर्मियों को प्रतिमाह वेतन भी प्राप्त नहीं हो रहा है। निगम का स्थापना व्यय 65 फीसदी से कहीं अधिक बढ़ चुका है। महापौर के अदूरदर्शी निर्णयों से निगम के संचालित होने वाले कार्य बाधित हो रहे हैं। नगर निगम में हर विभाग में भारी भ्रष्टाचार व्याप्त है। शहर की सफाई व्यवस्था, जो नगर निगम की प्रथम ज़िम्मेदारी है, ध्वस्त हो गयी है । जिससे आमजनों में गहरी नाराज़गी है। महापौर के द्वारा शहर स्वच्छता को लेकर कोई समुचित योजना नहीं है,सफाई कार्य दिशाहीन हो चुका है और शहरवासी इससे पीड़ित हो रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष नगर निगम संजय पाण्डेय ने कहा कि महापौर के विरुद्ध भाजपा पार्षद दल ने अविश्वास प्रस्ताव लाया है। जो अग्रिम कार्यवाही सम्मिलन में पारित भी होगा। सत्ता पक्ष के बीच पड़ी फूट का लाभ मिलेगा।

कलेक्ट्रेट पहुँच कर हस्ताक्षर युक्त अविश्वास प्रस्ताव देने वाले भाजपा पार्षदों में योगेन्द्र पाण्डेय, नरसिंह राव, दिगम्बर राव, राजपाल कसेर, मोतीराम बघेल, निर्मल पाणिग्रही, धनसिंह नायक, दयावती देवांगन, भारती श्रीवास्तव, दीप्ति पाण्डेय, त्रिवेणी रंधारी, आलोक अवस्थी, ममता पोटाई, रीना घोष, सविता गुप्ता, महेन्द्र पटेल, शंभू नाग शामिल थे। साथ ही नगर मण्डल अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, विक्रम सिंह यादव, खेमसिंह यादव, सुरेश कश्यप, अमर झा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *