November 27, 2026

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जिले से यात्रियों का दल तीर्थयात्रा पर रवाना

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जिले के 11 यात्रियों का दल आज तीर्थयात्रा के लिए रवाना हुआ। कलेक्टर के मार्गदर्शन में चयनित यात्रियों को आज नारायणपुर से रायपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया। यात्री 27 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक निर्धारित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार बिहार एवं उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।

इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बिहार के बोधगया, नालंदा तथा उत्तर प्रदेश के सारनाथ स्थित प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा। बोधगया में भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्ति से जुड़े पवित्र महाबोधि मंदिर एवं बोधिवृक्ष, सारनाथ में भगवान बुद्ध के प्रथम उपदेश स्थल तथा नालंदा में प्राचीन नालंदा महाविहार के ऐतिहासिक अवशेषों का भ्रमण कराया जाएगा। इन स्थलों का धार्मिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से विशेष महत्व है।

यात्रियों को मिलती हैं विभिन्न सुविधाएं

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उद्देश्य प्रदेश के पात्र वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य पात्र हितग्राहियों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के अंतर्गत शासन द्वारा निर्धारित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार यात्रियों के आवागमन, ठहरने, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाती हैं। यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए शाकाहारी नाश्ता एवं भोजन, धर्मशाला अथवा होटल में ठहरने, तीर्थस्थलों के स्थानीय भ्रमण के लिए बस, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा आवश्यकतानुसार टूरिस्ट गाइड की व्यवस्था शामिल है। इसके अतिरिक्त यात्रा के लिए आवश्यक किट एवं दुर्घटना बीमा जैसी सुविधाएं भी योजना के प्रावधानों के अनुसार उपलब्ध कराई जाती हैं। यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अनुरक्षक की व्यवस्था भी की जाती है, जो यात्रा के दौरान आवश्यक समन्वय एवं सहयोग प्रदान करता है। शासन की इस पहल से ऐसे वरिष्ठ नागरिकों एवं पात्र हितग्राहियों को देश के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है, जो आर्थिक अथवा अन्य परिस्थितियों के कारण स्वयं तीर्थयात्रा करने में असमर्थ रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *