November 22, 2026

शैनी रविन्द्र को स्काउट्स एवं गाइड्स का दीर्घकालीन सेवा अलंकरण से किया गया सम्मानित

दंतेवाड़ा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित सेमिनार एवं सम्मान समारोह में दंतेवाड़ा की डॉ. शैनी रविन्द्र को दीर्घकालीन सेवा अलंकरण से सम्मानित किया गया। यह सम्मान स्काउटिंग एवं गाइडिंग के क्षेत्र में उनके 22 वर्षों से अधिक के निरंतर योगदान, समर्पण एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रदान किया गया। समारोह छत्तीसगढ़ राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा की अध्यक्षता तथा मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल के करकमलों से डॉ. शैनी रविन्द्र को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक अर्गल, छत्तीसगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा तथा राष्ट्रीय निदेशक अमर क्षत्री सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे।

डॉ. शैनी रविन्द्र विगत 22 वर्षों से स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने में सक्रिय हैं। सहायक संगठन आयुक्त के रूप में उन्होंने दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कांकेर, नारायणपुर एवं बस्तर जिले के बच्चों को प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके मार्गदर्शन में बस्तर संभाग के स्काउट्स एवं गाइड्स फिलीपींस, जापान और स्वीडन जैसे देशों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, रहन-सहन एवं खान-पान का प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ा चुके हैं। जिले के पोटाकेबिन एवं शासकीय विद्यालयों की अनेक गाइड्स को राज्यपाल एवं राष्ट्रपति पुरस्कार दिलाने में भी उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। जिला संगठन आयुक्त के रूप में उन्होंने जिले में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रमों के साथ राष्ट्रीय जनजातीय मीट जैसे आयोजन कराए, जिनमें देश के विभिन्न राज्यों से आए स्काउट्स एवं गाइड्स ने सहभागिता कर बस्तर की संस्कृति और परंपराओं को करीब से जाना। वर्तमान में सहायक लीडर ट्रेनर के रूप में वे प्रदेश में स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों को सशक्त बनाने में निरंतर योगदान दे रही हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर, जिला मिशन समन्वयक हरीश गौतम, जिला मुख्य आयुक्त ओमप्रकाश सोनी तथा जिला संघ के समस्त स्काउटर एवं गाइडर ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *