November 20, 2026

दक्षिण क्षेत्रीय अंतर महाविद्यालयीन प्रतियोगिता में गूंजेगा खेलों का उत्साह

जगदलपुर। शहीद गुण्डाधूर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र कुम्हरावण्ड की मेजबानी में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर की दक्षिण क्षेत्रीय अंतरमहाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 22 से 24 नवंबर तक किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस खेल महाकुंभ की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस प्रतियोगिता में कुल 17 विधाओं में रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें एथलेटिक्स के तहत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर एवं 1500 मीटर दौड़ के साथ हाई जंप और लॉन्ग जंप शामिल हैं। इनके अलावा टेबल टेनिस, बैडमिंटन सिंगल व डबल, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल जैसे टीम व अन्य मुकाबलों में भी खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे। स्पर्धाओं में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए शासकीय विद्यालयों से 10 शासकीय रेफरी नियुक्त किए गए हैं, जिससे खिलाड़ियों में खास उत्साह देखा जा रहा है।

प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों के कुल 240 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इनमें मेजबान शहीद गुण्डाधूर कृषि महाविद्यालय जगदलपुर के साथ कृषि महाविद्यालय कुरुद, कृषि महाविद्यालय पखांजूर, रामप्रसाद पोटाई कृषि महाविद्यालय सिंगारभाट (कांकेर), लिंगो मुदियाल कृषि महाविद्यालय नारायणपुर, कृषि महाविद्यालय धमतरी एवं महामाया कृषि महाविद्यालय जगदलपुर की टीमें शामिल हैं। आयोजकों के अनुसार खेल मैदानों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और खिलाड़ियों के आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, ताकि इस आयोजन को यादगार बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *