November 14, 2026

जनजातीय गौरव दिवस पर बस्तर में गूंजेगा आदिवासी अस्मिता और शौर्य का स्वर

जगदलपुर। अपनी समृद्ध लोक-संस्कृति और अनूठी परंपराओं के लिए विश्वभर में विख्यात बस्तर एक बार फिर जनजातीय स्वाभिमान के महापर्व में रंगने को तैयार है। राज्य शासन के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश के साथ-साथ बस्तर जिला मुख्यालय में भी ‘जनजातीय गौरव दिवस’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है।

राज्य शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत जिले में 11 नवंबर से 18 नवंबर तक ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत बस्तर की माटी की खुशबू और जनजातीय विरासत को सहेजने वाले कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस उत्सव के दौरान जनजातीय क्रांतियों के महानायकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों तथा प्रमुख जनजाति एवं उप-जनजाति प्रमुखों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही जनजातीय महापुरुषों के प्रतिमा स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

इस महापर्व में लोक कला और संस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिलेगी। जिले में ‘शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव नृत्य प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जाएगा, वहीं राज्य के पारंपरिक जनजातीय वाद्य यंत्रों की विशेष प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अतिरिक्त जिला स्तरीय जनजातीय विकास प्रदर्शनी के साथ-साथ पारंपरिक क्राफ्ट, हस्तशिल्प, पुस्तक मेला और स्थानीय जनजातीय व्यंजनों के स्टॉल भी सजाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *