दंतेवाड़ा। जिले में उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा द्वारा सेक्टर स्तरीय बैडमिंटन (महिला एवं पुरुष) प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सुकमा, बीजापुर, जगदलपुर एवं दंतेवाड़ा क्षेत्र के 15 महाविद्यालयों से कुल 80 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, तकनीक, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों को रोमांचक मुकाबलों का आनंद दिलाया। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. रत्नाबाला मोहंती ने किया। जनपद पंचायत दंतेवाड़ा की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर तथा महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष राहुल असरानी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सामूहिक भावना के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।प्रतियोगिता के महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में खिलाड़ियों के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पुरुष वर्ग में शासकीय महाविद्यालय, आवापल्ली के रिंकु हेमला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं शासकीय महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के विक्रम नाग द्वितीय तथा मेजबान शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा के आदित्य नाग तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार महिला वर्ग में शासकीय आवासीय कन्या महाविद्यालय की पुष्पलता दीवान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जगदलपुर की मनसा राव ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक श्रीमती धारणा ठाकुर, श्रीमती रेशमा एक्का, डॉ. दिनेश कुमार लहरी, दुष्यंत तारम, बंशीधर चौहान एवं डॉ. अंजली मिंज द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिभा का प्रदर्शन
सेक्टर स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी अब 13 एवं 14 नवंबर 2026 को सूरजपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय बैडमिंटन (महिला एवं पुरुष) प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। चयनित खिलाड़ी महाविद्यालय की क्रीड़ा अधिकारी डॉ. भारती रजक के मार्गदर्शन में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे। खिलाड़ियों से आगामी प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाने की उम्मीद जताई गई है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.एम. प्रसाद एवं महाविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों, विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।
