दंतेवाड़ा/बस्तर न्यूज
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आज सुबह राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन दंतेवाड़ा में एकता दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति जनमानस में जागरूकता बढ़ाना तथा राष्ट्र निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के अतुलनीय योगदान एवं उनके आदर्शों को स्मरण करना रहा। एकता दौड़ में पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
दौड़ से यह संदेश दिया गया कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव में निहित होती है। राष्ट्र की एकता एवं सामाजिक समरसता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन न केवल राष्ट्रीय महापुरुषों के योगदान एवं आदर्शों को स्मरण करने का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी समन्वय, भाईचारे एवं जनभागीदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान एकता दौड़ में भाग लेने वाले प्रतिभागियों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के माध्यम से बच्चों एवं युवा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। इससे खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने तथा भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खुंटे, अपर कलेक्टर भरतराम ध्रुव, उप पुलिस अधीक्षक गौरव ठाकुर, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती आकांक्षा ठाकुर एवं रक्षित निरीक्षक सुशील नौटियाल सहित पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
