बीजापुर/बस्तर न्यूज
पुलिस स्मृति दिवस एवं पुलिस झण्डा दिवस के अवसर पर जिला बीजापुर में अमर शहीद पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, वीरता एवं सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान का स्मरण करते हुए ससम्मान श्रद्धांजलि अर्पित की गई। स्कूली बच्चों एवं ग्राम के अन्य नागरिकों को उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं देश की सेवा में दिए गए बलिदान के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को देशभक्ति, राष्ट्रसेवा एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।

इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नई पीढ़ी एवं आम नागरिकों को देश की आंतरिक सुरक्षा में पुलिस बल के योगदान, शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना से परिचित कराना है। बीजापुर पुलिस अमर शहीदों के त्याग, साहस एवं बलिदान को सदैव नमन करती है।
