जगदलपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित बस्तर प्रवास को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को बस्तर आएंगी। इस दौरान वे ऐतिहासिक मुरिया दरबार में शामिल होंगी और जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगी। प्रवास को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक
कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा कक्ष में आयोजित बैठक में राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल, बैठक व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों की समीक्षा की गई। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित तरीके से किया जा सके।
लालबाग मैदान में तैयारियों का निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने लालबाग मैदान पहुंचकर आयोजन स्थल की तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंच निर्माण, सुरक्षा प्रबंध, वीआईपी और आम नागरिकों के प्रवेश एवं निकास द्वार, पेयजल, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर ने आयोजन स्थल पर नागरिकों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजामों की समीक्षा की।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक और निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित सभी अनुविभागीय दंडाधिकारी, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
