जगदलपुर/बस्तर न्यूज
ओडिशा में दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया हासिल कर रही चर्चित फिल्म ‘मालिपुट मेलोडीज’ अब जगदलपुर के दर्शकों के बीच भी पहुंच गई है। 9 अक्टूबर से शहर चित्रकोट रोड स्थित मॉल के सिनेफ्लेक्स में फिल्म का प्रदर्शन शुरू हो गया है। ओडिशा के कोरापुट जिले की संस्कृति, परंपराओं और ग्रामीण जीवन पर आधारित यह फिल्म अपनी मिट्टी से जुड़ी कहानी के कारण चर्चा में है।
स्थानीय पत्रकार भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिल्म के लेखक सुधाकर पटनायक, निर्देशक विशाल पटनायक, संगीतकार तोष नंदा और कलाकार चंदन साहू व एमसी मणि ने पत्रकारों को बताया कि फिल्म में ग्रामीणों के पारंपरिक व्यवसाय, रोजगार की तलाश में युवाओं का बड़े शहरों की ओर पलायन और ग्रामीण विवाह परंपराओं को प्रमुखता से दर्शाया गया है। फिल्म के निर्देशक ने कहा कि बस्तर और ओड़िशा की संस्कृति, वेष भूषा तथा रीति रिवाज मिलते जुलते हैं। जिससे हमें उम्मीद है कि हमारी इस फिल्म को जगदलपुरवासियों का भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिलेगा। हम चाहते हैं कि ये पर निर्मित फिल्में भी ओड़िशा में लगे, ताकि दो विचारधाराओं का आदान प्रदान हो।

कौशिक दास निर्मित इस फिल्म का चयन 2025 में भारतीय फिल्म विकास निगम द्वारा आयोजित 56वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के इंडियन पैनोरमा खंड में हुआ था। चेन्नई, खजुराहो, मैड्रिड और ऑस्ट्रेलिया के फिल्म समारोहों में प्रदर्शित होने के बाद फिल्म ने लॉस एंजिलिस के एससीए इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का कांस्य पुरस्कार भी जीता। अब जगदलपुर में इसकी रिलीज से स्थानीय दर्शकों को ओड़िया संस्कृति और ग्रामीण जीवन को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
