जगदलपुर। बस्तर जिले में विगत दिनों हुई भारी बारिश के कारण उत्पन्न बाढ़ की स्थिति से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारी-कर्मचारियों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए 2 लाख 1 हजार रूपये की सहायता राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में प्रदान की है।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा स्वेच्छा से संग्रहित 2,01,000 रूपये की धनराशि का चेक बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप एवं उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा के हाथों कलेक्टर आकाश छिकारा को सौंपा गया।
इस अवसर पर बैंक के सीईओ केएस ध्रुव, अतिरिक्त सीईओ एसए रजा, कर्मचारी संघ अध्यक्ष आरके सूर्यवंशी, सचिव आशीष बराल तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
बाढ़ पीड़ितों के संबल हेतु आगे आया बंगाली समाज मैत्री संघ
इस बीच प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए जगदलपुर शहर की बहु प्रतिष्ठित बंगाली संस्था मैत्री संघ ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए राहत का हाथ आगे बढ़ाया है। मैत्री संघ संस्था के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचकर बाढ़ राहत हेतु मुख्यमंत्री सहायता कोष के नाम 21 हजार रुपए रुपये का चेक बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा को सौंपा।
संस्था के महासचिव सुनील साहा ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े होकर उन्हें सहायता उपलब्ध कराना हमारा कर्तव्य है, हमारा नैतिक दायित्व है और हमारी संस्था भी जनहित के कार्यों में सदैव तत्पर रहा है।
इस दौरान मैत्री संघ संस्था अध्यक्ष दीपक घोष, महासचिव सुनील साहा, कोषाध्यक्ष देवाशीष चैधरी एवं संयुक्त सचिव देवव्रत बराल तथा वरिष्ठ सदस्य अशोक रंजन मुखर्जी उपस्थित रहे।
