हैदराबाद/बस्तर न्यूज
14 सितंबर से 13 अक्टूबर 2026 तक हैदराबाद में मनाए जा रहे ‘राजभाषा माह’ के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी के अंतर्गत विद्यार्थियों में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार व महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य को ध्यान में रखकर एनएमडीसी द्वारा आज शासकीय नामपल्ली उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हनुमान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तेलंगाना मॉइनारिटी गुरूकुल बालक विद्यालय, इंडो ग्रामर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शंकरजी स्मृति कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आदि पाँच विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए “हिंदी निबंध लेखन एवं हिंदी वाक् प्रतियोगिताओं” का आयोजन किया गया। दोनों प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता में जलवायु परिवर्तनः भावी पीढ़ियों पर प्रभाव, छात्रों के समग्र विकास में खेलकूद की भूमिका एवं समय प्रबंधन: सफलता की कुंजी आदि विषयों पर कक्षा 6वीं से 8वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई तथा हिंदी वाक् प्रतियोगिता में वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में युवा पीढ़ी की भूमिका एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता : रोजगार पर प्रभाव आदि विषयों पर कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों को एनएमडीसी लिमिटेड हैदराबाद की ओर से शिक्षण सामग्री से संबंधित किट भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर निर्णायक के रूप में जयशंकर प्रसाद, सहायक निदेशक (सेवानिवृत्ति), हिंदी शिक्षण योजना एवं श्रीमती नीलिभा तिवारी, सहायक निदेशक (सेवानिवृत्ति) हिंदी शिक्षण योजना उपस्थित थे। प्रतियोगिता में चे. श्रीनिवास राव, उप महाप्रबंधक (राजभाषा), एनएमडीसी ने निर्णायकगणों, विद्यालय समिति के प्रतिनिधि, प्राचार्य, शिक्षकगण तथा प्रतिभागी विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं के आयोजन का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों में हिंदी में लेखन प्रतिभा को निखारना तथा राजभाषा हिंदी बोलने में होने वाली झिझक को दूर करना है। डॉ. रजिंदर कौर, वरिष्ठ प्रबंधक (रा.भा.) ने प्रतियोगिताओं के संबंध में संक्षिप्त जानकारी दी। एस. के. सनोडिया, उप प्रबंधक (सचि.) की सक्रिय भागीदारी रही।
