जगदलपुर। बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से आए 12 पत्रकारों का मीडिया प्रतिनिधिमंडल आज पुणे और मुंबई के सात दिवसीय राष्ट्रीय अध्ययन दौरे पर रवाना हुआ। भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय रायपुर द्वारा आयोजित इस अध्ययन दौरे का उद्देश्य क्षेत्रीय पत्रकारों को देश के प्रमुख राष्ट्रीय संस्थानों, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं, सामरिक अनुसंधान संस्थानों, नागरिक प्रशासन, स्वास्थ्य सेवाओं, रक्षा तैयारियों तथा औद्योगिक और समुद्री बुनियादी ढांचे से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है। प्रतिनिधिमंडल 21 सितंबर को खड़कवासला स्थित केंद्रीय जल एवं विद्युत अनुसंधान स्टेशन का भ्रमण करेगी। यहां पर इस दल के सदस्य बाढ़ प्रबंधन, बांध सुरक्षा आकलन और बड़े पैमाने पर जल संसाधन नियोजन में भौतिक एवं गणितीय मॉडलिंग के उपयोग की जानकारी प्राप्त करेंगे। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान भारत पुणे का दौरा करेगा, जहां आधुनिक मीडिया प्रौद्योगिकी, फिल्म एवं टेलीविजन निर्माण, प्रसारण व्यवस्था तथा डिजिटल मीडिया प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
वहीं 22 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल पुणे के प्रमुख सार्वजनिक उत्सव गणेशोत्सव के दौरान नागरिक प्रशासन, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का अध्ययन करेगा। इसके बाद पत्रकार अकुरडी स्थित भारतीय प्राणी सर्वेक्षण के पश्चिमी क्षेत्रीय केंद्र का दौरा करेंगे, जहां जैव विविधता के दस्तावेजीकरण, प्राणी अध्ययन और पारिस्थितिकी संरक्षण से संबंधित कार्यों की जानकारी प्राप्त करेंगे। भ्रमण के दूसरे चरण में 23 से 26 सितंबर तक मुंबई और नवी मुंबई में स्वास्थ्य, रक्षा, शहरी प्रशासन और समुद्री बुनियादी ढांचे से जुड़े राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों का भ्रमण किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल नवी मुंबई स्थित टाटा मेमोरियल सेंटर के उन्नत कैंसर उपचार, अनुसंधान एवं शिक्षा केंद्र का दौरा करेगा और कैंसर उपचार, चिकित्सा अनुसंधान तथा विशेषीकृत स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली को समझेगा।
प्रतिनिधिमंडल भारतीय नौसेना की पश्चिमी नौसेना कमान का भी दौरा करेगा, जहां समुद्री सुरक्षा, तटीय रक्षा और परिचालन तैयारियों से संबंधित जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा मुंबई महानगरपालिका में शहरी प्रशासन और नागरिक सेवाओं की कार्यप्रणाली पर संवाद एवं अध्ययन किया जाएगा। मुंबई दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल नवी मुंबई स्थित जवाहरलाल नेहरू पोर्ट प्राधिकरण का भी दौरा करेगा। यहां पत्रकार आधुनिक बंदरगाह संचालन, स्वचालित कंटेनर हैंडलिंग, लॉजिस्टिक्स, आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार को सुगम बनाने में समुद्री बुनियादी ढांचे की भूमिका का प्रत्यक्ष अध्ययन करेंगे। भ्रमण 26 सितंबर को मुंबई में संपन्न होगा।
पीआईबी के क्षेत्रीय प्रचार कार्यालय जगदलपुर के प्रभारी अधिकारी बीएस ध्रुव ने इस बारे में बताया कि यह पहल दूरस्थ और माओवाद मुक्त बस्तर में सेवारत पत्रकारों को राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों से सीधे परिचित कराने तथा देश की बुनियादी ढांचा क्षमता, तकनीकी प्रगति, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और विकासात्मक पहलों की जमीनी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।
