किरंदुल/बस्तर न्यूज
छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल के विद्यार्थियों ने अपनी तार्किक क्षमता, रचनात्मक सोच और समस्या, समाधान कौशल का परिचय देते हुए आर्सेलर मित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया द्वारा आयोजित टाइम्स नेशनल क्रिटिकल थिंकिंग चैम्पियनशिप में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। प्रथम चरण में किरंदुल और आसपास के विद्यालयों के 87 विद्यार्थियों का चयन अगले चरण के लिए किया गया है। चैम्पियनशिप में चयनित 87 विद्यार्थी अब इसके आगामी चरण में भाग लेंगे और अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उपलब्धि न केवल इन विद्यार्थियों के लिए, बल्कि उनके विद्यालयों, शिक्षकों और बस्तर अंचल के लिए भी महत्वपूर्ण अवसर है।
आर्सेलर मित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और टाइम्स फाउंडेशन की संयुक्त पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में केवल अकादमिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि तार्किक विश्लेषण, स्वतंत्र सोच, निर्णय क्षमता और वास्तविक जीवन की समस्याओं को समझने एवं उनका समाधान तलाशने जैसे भविष्य के लिए आवश्यक कौशल विकसित करना है।
चयनित विद्यार्थियों को जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़मी ने प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देते हुए सम्मानित करते हुए कहा कि बस्तर के विद्यार्थियों की उपलब्धि यह दर्शाती है कि प्रतिभा भूगोल की मोहताज नहीं होती, बल्कि सही अवसर, मार्गदर्शन और मंच मिलने पर दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चे भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
यह चैम्पियनशिप टिकनपाल, चोलनार, किरंदुल ग्रामीण, कड़मपाल, किरंदुल शहर, हिरोली और गुमियापाल सहित सात संकुल केंद्रों के विद्यालयों में आयोजित की गई थी। विभिन्न विद्यालयों से भाग लेने वाले विद्यार्थियों को ऐसे प्रश्नों और गतिविधियों के माध्यम से अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला, जिनमें तथ्यों को समझने के साथ-साथ उनका विश्लेषण करने, अलग-अलग दृष्टिकोणों पर विचार करने और तर्क के आधार पर निष्कर्ष तक पहुंचने की आवश्यकता थी।

दूरस्थ अंचलों के बच्चों तक भविष्य के कौशल की पहुंच
इस पहल का महत्व इसलिए भी विशेष है क्योंकि यह बस्तर जैसे दूरस्थ क्षेत्र के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक अवसरों से जोड़ती है। देश में तेजी से बदलते शिक्षा और रोजगार के परिदृश्य में क्रिटिकल थिंकिंग, प्रॉब्लम सॉल्विंग और रचनात्मकता को भविष्य के महत्वपूर्ण कौशलों के रूप में देखा जा रहा है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति की उस भावना के अनुरूप है, जिसमें शिक्षा को रटने पर आधारित पद्धति से आगे ले जाकर विद्यार्थियों में विश्लेषणात्मक सोच, जिज्ञासा, रचनात्मकता और समस्या-समाधान क्षमता विकसित करने पर बल दिया गया है।
आर्सेलर मित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का प्रयास है कि औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े क्षेत्रों में शिक्षा और कौशल विकास के अवसरों का विस्तार हो तथा स्थानीय विद्यार्थियों को ऐसे मंच उपलब्ध हों जो उन्हें बदलती दुनिया की जरूरतों के अनुरूप तैयार कर सकें। टाइम्स फाउंडेशन के साथ यह पहल इसी दिशा में विद्यार्थियों को व्यापक शैक्षणिक अनुभव और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराती है।
जनप्रतिनिधियो ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
सम्मान समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, नगर पालिका परिषद किरंदुल अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी, जिला पंचायत सदस्य सोमारू कड़ती, कुआकोंडा जनपद अध्यक्ष सुकालू मुड़ामी सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की। वही कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर, खंड शिक्षा अधिकारी कुआकोंडा प्रमोद भदौरिया, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी मनोज राठौर, ब्लॉक शिक्षा समन्वयक रत्तू राणा तथा संकुल समन्वयकों की भी सहभागिता रही।
