जगदलपुर/बस्तर न्यूज
ऑल बस्तर जिला जूडो संघ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 14वीं इंटर स्कूल जूडो प्रतियोगिता 2026 के पोस्टर का विमोचन आज नगर पालिक निगम जगदलपुर के महापौर के द्वारा किया गया।
यह प्रतियोगिता आगामी 22 एवं 23 अगस्त 2026 को स्थानीय टाउन हॉल, जगदलपुर में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता की तैयारियां आयोजक संस्था द्वारा पूर्ण कर ली गई हैं। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में खेल अधिकारी सुशान्त दास, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, वेदप्रकाश सोनी सहित जूडो संघ के पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी उपस्थित थे।
इस अवसर पर आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में बस्तर संभाग के विभिन्न स्कूलों से लगभग 250 जूडो खिलाड़ी एवं 30 अधिकारी/कोच भाग लेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली स्तर पर जूडो खेल को बढ़ावा देना, प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, साहस एवं खेल भावना का विकास करना है। आयोजक संस्था ऑल बस्तर जिला जूडो संघ द्वारा बस्तर जिले से प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन एवं पुरस्कार आदि की व्यवस्थाएं की जाएंगी।
महापौर ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक संस्था को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
आयोजक ऑल बस्तर जिला जूडो संघ ने सभी विद्यालयों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेलप्रेमियों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक सहभागिता करने की अपील की है।



