जगदलपुर

टैलेंट तिहार में ग्रामीण प्रतिभाओं ने दिखाया अपना हुनर

जगदलपुर। बस्तर जिले के समस्त शासकीय स्कूलों में बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के लिए “टैलेंट तिहार-प्रतिभा को पंख” कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर आकाश छिकारा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इसी कड़ी में 10 एवं 11 अगस्त को बकावंड में दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का शुभारंभ अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ हुआ। शाला एवं संकुल स्तर पर अपनी कला का परचम लहराने वाले प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और हाई व हायर सेकेंडरी स्कूलों के होनहार बाल-कलाकार अब ब्लॉक स्तर के मुख्य मंच पर अपनी सांस्कृतिक व कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस श्रृंखला में पूरे जिले के सभी सातों विकासखंडों में चरणबद्ध तरीके से कार्यक्रम आयोजन हेतु रोस्टर निर्धारित किया गया है, जिसके अंतर्गत बकावंड में 10-11 अगस्त, बस्तर में 13-14 अगस्त, बास्तानार में 17-18 अगस्त, तोकापाल में 19-20 अगस्त, लोहंडीगुड़ा में 21-22 अगस्त, जगदलपुर में 24-25 अगस्त तथा दरभा विकासखंड में 27 एवं 29 अगस्त को विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

ब्लॉक स्तरीय आयोजनों में विभिन्न विधाओं का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है, जहाँ विद्यार्थी एकल व सामूहिक गायन, एकल व सामूहिक नृत्य, वाद्ययंत्र वादन, एकांकी नाटक और एकल चित्रकला जैसी विधाओं में अपनी प्रतिभा की छाप छोड़ रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक विकासखंड स्तर पर पहले दिन एकांकी नाटक की जीवंत प्रस्तुतियां दी जा रही हैं, जबकि दूसरे दिन सामूहिक गीत एवं सामूहिक नृत्य के रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति हो रही है।

प्रत्येक विकासखंड में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता प्रतिभागी आगे चलकर 31 अगस्त को प्रस्तावित जिला स्तरीय “टैलेंट तिहार” प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने-अपने ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों की उत्कृष्ट कलाकृतियों को भी जिला स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा। शिक्षा विभाग के समग्र शिक्षा द्वारा आयोजित यह विस्तृत अभियान जिले के सुदूर ग्रामीण अंचलों में छिपी कला, संगीत और अभिनय की अपार संभावनाओं को पहचानकर उन्हें एक वृहद मंच प्रदान कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *